बिहार: सहरसा में नहाने के दौरान कोसी नदी में 4 बच्चों सहित पांच डूबे, एक शव बरामद

punjabkesari.in Sunday, Jun 23, 2019 - 04:26 PM (IST)

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां कोशी नदी में 5 लोगों के डूबने से इलाके में अफरातफरी मच गई है। महेंद्र प्रसाद गुप्‍ता अपने 3 पोतियों व एक अन्‍य बच्‍चे के साथ नहाने गए थे। सहरसा के देवन घाट पर नहाने के क्रम में वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। नदी की गहराई का अंदाजा नहीं रहने से हादसा हुआ। जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ देवन घाट पर पहुंच गई है। वहीं पीडि़त के घरों में कोहराम मच गया है। वहीं अभी तक केवल महेंद्र गुप्‍ता का शव बरामद किया जा सका है। बाकी लोगों की तलाश जारी है।

रविवार को स्‍थानीय निवासी महेंद्र गुप्‍ता कोशी नदी के देवन घाट पर नहाने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ उनकी 3 पोतियां भी थीं। साथ में एक बच्‍चा भी था। इसी दौरान नहाने के क्रम में महेंद्र गुप्‍ता गहरे पानी में चले गए। लोगों को आशंका है कि बच्‍चों को नहाने के लिए वे काफी आगे चले गए। इस दौरान उन्‍हें गहराई का अंदाजा नहीं रहा और गहरे पानी में डूब गए।

लोगों के कोसी नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही गोताखोर पानी में उतर गए हैं। काफी मशक्‍कत के बाद महेंद्र गुप्‍ता का शव बरामद किया जा सका है। बाकी शवों की तलाश जारी है। वहीं, पीडि़त परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन के लोग भी घाट पर पहुंच गए हैं। 

Jagdev Singh