केंद्र सरकार ने बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए 613.75 करोड़ की सहायता राशि को दी मंजूरी

punjabkesari.in Saturday, Oct 05, 2019 - 10:59 AM (IST)

पटनाः केंद्र सरकार ने बिहार के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 613.75 करोड़ की सहायता राशि को मंजूरी दी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से बिहार के लिए 400 करोड़ की सहायता राशि को मंजूरी दी गई है। बिहार सरकार के अनुरोध पर मंजूर किए गए कोष के तहत राज्य को 213.75 करोड़ रुपए और मिलेंगे। इस प्रकार कुल 613.75 करोड़ रुपए मिलेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसके अलावा केंद्र सरकार ने बिहार के राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) के लिए अपने हिस्से की दूसरी किस्त को अग्रिम रूप से जारी करने का फैसला किया है। बिहार में में बाढ़ के कारण कई लोग जान गंवा चुके हैं और हजारों लोग बेघर या विस्थापित हो गए। बिहार सरकार ने एसडीआरएफ खाते में धन की कमी से अवगत करवाया था जिसके परिणामस्वरूप प्रभावित लोगों को राहत सहायता प्रदान करने में देरी हुई।

अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष मॉनसून के दौरान हुई बारिश और बाढ़ से बिहार में कई लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ के कारण 22 राज्यों में करीब 25 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से सबसे अधिक 382 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई जबकि 227 मौतों के साथ पश्चिम बंगाल दूसरे स्थान पर रहा।

prachi