चुनाव जीतते ही 12 किमी दौड़कर पहुंचे थे भागलपुर, लालू के कहने पर चुनावी मैदान से हटे चुनचुन यादव

punjabkesari.in Sunday, Apr 07, 2019 - 05:06 PM (IST)

भागलपुरः बिहार विधानसभा 1969 के चुनाव में नाथनगर विधानसभा से चुनचुन यादव ने जीत हासिल की थी। चुनाव जीतने की खबर सुनकर चुनचुन यादव 12 किलोमीटर दौड़ कर भागलपुर पहुंचे थे। चुनचुन यादव 1969 से लेकर 1996 तक तीन बार विधायक और तीन बार सांसद रहे।

1969 के बिहार विधानसभा चुनाव में नाथनगर से चुनचुन यादव मैदान में खड़े थे। चुनाव के समय चुनचुन यादव बलुआचक में थे। जब उन्हें अपनी जीत की खबर मिली तब वह 12 किलोमीटर दौड़कर भागलपुर पहुंचे थे। जैसे ही चुनचुन यादव मतगणना स्थल पर पहुंचे लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया था।

चुनचुन यादव के छोटे बेटे संजय कुमार ने कहा कि जब पिता जी पहली बार 1989 में सांसद के लिए खड़े हुए तो उन्हें 5 लाख 37 हजार 723 वोट मिले थे। उस समय उन्होंने कांग्रेस के नेता भगवत झा आजाद को 4 लाख 35 हजार 398 वोटों से हराया था। 1991 में चुनचुन यादव डेढ़ लाख और 1996 में 65 हजार वोट से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।

1999 में राजद और कम्युनस्टि पार्टी के बीच हुए गठबंधन की वजह से यह सीट कम्युनस्टि पार्टी के खाते में चली गई थी। इस कारण चुनचुन यादव निर्दलीय खड़े हो गए थे। जब इसकी जानकारी लालू यादव को मिली तो वह उनसे मिलने भागलपुर पहुंचे और लालू के कहने पर चुनचुन यादव ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।

prachi