अमित शाह का दावा- बिहार में नीतीश के नेतृत्व में फिर बनेगी NDA की सरकार

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2020 - 12:30 PM (IST)

पटनाः भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमित शाह ने दावा करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर दो तिहाई बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी।

शाह ने कोरोना काल में लोगों से जुड़ने के लिए भाजपा की पहली वर्चुअल रैली ‘बिहार जनसंवाद’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार का नेतृत्व मुख्यमंत्री कुमार बेहतरीन तरीके से कर रहे हैं। प्रदेश की राजग सरकार बेहतर ढंग से विकास कार्य में लगी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी की जोड़ी को बेमिसाल बताया और कहा कि ये दोनों नेता चुपचाप काम करना जानते हैं।

अमित शाह ने बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का नाम लिए बगैर कहा कि इसके लिए नीतीश और सुशील मोदी सड़क पर खड़े होकर थाली नहीं बजाते। बिहार विकास के लिए यह जोड़ी काम करने पर विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि बिहार की भूमि ने देश का हमेशा से नेतृत्व किया है। जब कभी लोकतंत्र का गला घोंटा गया तो इसी भूमि से आवाज उठी है। उन्होंने राजद पर चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ लोगों ने आज थाली बजाकर इस वर्चुअल रैली का स्वागत किया है।

Edited By

Ramanjot