CM नीतीश ने ‘मिशन शक्ति’ की सफलता पर व्यक्त की खुशी, कहा- देश को वैज्ञानिकों पर है गर्व

punjabkesari.in Wednesday, Mar 27, 2019 - 06:27 PM (IST)

पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिशन शक्ति की सफलता पर डीआरडीओ एवं मिशन शक्ति से जुड़े सभी वैज्ञानिकों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं, पूरे देश को उन पर गर्व है।

नीतीश कुमार ने मिशन शक्ति की सफलता के फलस्वरूप विश्व के अंतरिक्ष मिशन शक्तियों में भारत के रूस, अमेरिका और चीन के बाद चौथा देश बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति भविष्य में देश की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अहम है। सीएम ने कहा कि मिशन शक्ति की सफलता डीआरडीओ एवं वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में बताया कि महज तीन मिनट में ‘मिशन शक्ति’ को अंजाम दिया गया। मोदी ने बताया कि अंतरिक्ष में 300 किलोमीटर दूर ‘लो अर्थ ऑर्बिट’ (पृथ्वी की निचली कक्षा) में एक सजीव उपग्रह को स्वदेशी एंटी सैटेलाइट मिसाइल (एसैट) से सफलतापूर्वक मार गिराया गया।

prachi