अरुण जेटली के निधन पर नीतीश-सुशील मोदी ने जताया शोक, 2 दिन के राजकीय शोक का ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Aug 24, 2019 - 01:50 PM (IST)

पटनाः मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने अरुण जेटली के निधन पर दो दिन के राजकीय शोक का ऐलान कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि अरुण जेटली जी विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निवर्हन किया। वे एक उत्कृष्ट न्यायविद भी थे। उन्होंने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शों की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया।

नीतीश कुमार ने कहा कि अरुण जेटली ने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। अरुण जेटली से मेरा व्यक्तिगत संबंध था, उनके निधन से मैं काफी मर्माहत हूं। अरुण जेटली जी का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, उनकी कमी हमेशा खलेगी।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि मेरे गुरु, मित्र, नेता अरुण जेटली नहीं रहे। यह एक ऐसा नुकसान है जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती है।

बता दें कि अरुण जेटली का शनिवार को दिल्ली एम्स में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। अरुण जेटली को सांस लेने में दिक्कत और बेचैनी की शिकायत के बाद नौ अगस्त को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती करवाया गया था। कई सप्ताह से एम्स में उनका इलाज चल रहा था।

 

prachi