CM चेहरे को लेकर गरमाई बिहार की सियासत, कांग्रेस ने इस नए नाम पर ठोकी दावेदारी

punjabkesari.in Saturday, Jan 18, 2020 - 01:57 PM (IST)

पटनाः बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसके चलते मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीति गरमा रही है। जहां एक तरफ एनडीए में नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ सीएम के चेहरे को लेकर महागठबंधन में घमासान मचा हुआ है।

महागठबंधन में राजद तेजस्वी को मुख्यमंत्री का चेहरा मान रहा है, तो अन्य दल इसे स्वीकारने को तैयार नहीं हैं। कांग्रेस के बड़े नेताओं ने तेजस्वी यादव की दावेदारी पर सवाल उठा दिया है। इसी बीच अब कांग्रेस ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार का नाम उछाला है। साथ ही अधिक सीटों की मांग रख दी है।

कांग्रेस नेता प्रेमचंद मिश्र ने कहा कि कांग्रेस में चेहरों की कमी नहीं। उन्होंने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को बिहार का बड़ा चेहरा बताया है। प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस बिहार सहित देश के कई राज्यों में सत्ता में रही है और वह हर जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इस बार उनकी पार्टी गत विधानसभा चुनाव से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

वहीं कांग्रेस के शकील अहमद खान ने कहा कि मुख्यमंत्री के चेहरे का फैसला आलाकमान को करना है, लेकिन कांग्रेस में चुनाव लड़ने का दम है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने भी कहा कि कांग्रेस अकेली ऐसी पार्टी है, जो अपने दम पर चुनाव लड़ सकती है।

दूसरी ओर राजद नेताओं ने कांग्रेस के बयान को खारिज कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार में राजद का जनाधार सर्वाधिक है। कांग्रेस की अधिक सीटों की मांग पर पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि सीट सत्यनारायण भगवान का प्रसाद नहीं है।

Nitika