बिहार में बाढ़ का कहर, कांग्रेस सदस्यों ने लोकसभा में उठाया बाढ़ की स्थिति का मुद्दा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 17, 2019 - 05:13 PM (IST)

पटनाः लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस सदस्यों ने असम और बिहार में बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति के मुद्दे को उठाया और सरकार पर स्थिति से ठीक ढंग से नहीं निपटने का आरोप लगाया। भाजपा ने हालांकि इन आरोपों को खारिज किया।

प्रश्नकाल के ठीक बाद कांग्रेस के गौरव गोगोई ने कहा कि असम, बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। किसान परेशान हैं, उनकी फसल डूब गई है। अनेक लोग मारे गए हैं और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं। उन्होंने ब्रह्मपुत्र नदी के तटबंध के लिए विशेष पैकेज की मांग की। कांग्रेस के ही मोहम्द जावेद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बाढ़ प्रभावित बिहार की मदद के लिए कुछ नहीं किया। लोग परेशान हैं। प्रदेश सरकार भी कोई सुविधा नहीं दे रही है।

भाजपा के रामकृपाल यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सदन को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को 261 करोड़ रूपए दिए गए हैं और केंद्र एवं राज्य सरकार लोगों को राहत प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

prachi