शिक्षकों पर कुठाराघात कर रही नीतीश सरकार की हिटलरशाहीः कांग्रेस

punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2020 - 05:15 PM (IST)

पटनाः बिहार कांग्रेस ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए नियोजित शिक्षकों के वेतन रोके जाने और बर्खास्तगी की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की हिटलरशाही लोकतंत्र के मानदंडों की धज्जियां उड़ाकर शिक्षकों पर कुठाराघात कर रही है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज अथवा सरकार की नींव शिक्षक होते हैं, यह जानते हुए भी बिहार की नीतीश सरकार शिक्षकों के ऊपर कुठाराघात कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के साथ सरकार की हिटलरशाही लोकतंत्र के मानदंडों की धज्जियां उड़ा रही हैं।

झा ने कहा कि सरकार नियमों के विपरित शिक्षकों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। न्याय का गला घोटते हुए एक-एक कर शिक्षकों को बर्खास्त किया जा रहा है, जो अपने आप में हिटलरशाही का ताजा उदाहरण है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इसी बिहार की धरती पर एक शिक्षक चाणक्य ने धनानंद के विशाल साम्राज्य का नाश किया था। आज इसी बिहार की धरती में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लाखों शिक्षकों पर अत्याचार कर रहे हैं। उन्हें यह सोच लेना चाहिए कि उनकी सरकार का क्या अंजाम होगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों के साथ सरकार का यह रवैया प्रदेश के शैक्षणिक हालातों को बद से बदतर स्थिति में ले जाएगा। शिक्षकों के हड़ताल के मसले पर सरकार को हठधर्मिता का त्याग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को यह समझना चाहिए कि सरकार हठधर्मिता से नहीं चलती।

Nitika