बिहार में फंसे प्रवासियों के लिए अच्छी खबर, घर वापसी के लिए किराया देगी प्रदेश कांग्रेस

punjabkesari.in Friday, May 08, 2020 - 10:27 AM (IST)

पटनाः देशव्यापी लॉकडाउन के चलते काफी संख्या में मजदूर, छात्र और पर्यटक दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं। जहां बिहार सरकार द्वारा अन्य राज्यों में फंसे बिहारियों को वापिस लाया जा रहा है। वहीं कुछ अन्य राज्यों के लोग बिहार में भी फंसे हुए हैं। इनमें से जो लोग अपने घरों को वापस जाना चाहते हैं, उनके लिए ट्रेन के किराए का भुगतान अब बिहार कांग्रेस करेगी।

बिहार कांग्रेस पार्टी ने बताया कि यहां फंसे दूसरे राज्यों के मजदूरों, छात्रों और पर्यटकों को उनके घर पहुंचाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा के नेतृत्व में अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत इन लोगों की घर वापसी के लिए ट्रेन का किराया कांग्रेस पार्टी देगी। इसके लिए बिहार कांग्रेस ने एक फॉर्मेट तैयार किया है। बिहार में फंसे लोग ये फॉर्मेट भरकर जमा करवा सकते हैं। इसके बाद बिहार कांग्रेस इन लोगों के किराए का भुगतान करेगी।

कांग्रेस पार्टी ने कहा कि ट्रेन के किराए का पैसा भारतीय रेल या फिर बिहार सरकार के पास जमा कराया जाएगा। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ऐलान किया था कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की हर इकाई जरूरतमंद श्रमिक व कामगार के घर लौटने के रेल यात्रा का टिकट खर्च वहन करेगी और इस बारे में जरूरी कदम उठाएगी।

Edited By

Ramanjot