बिहार विधानसभा चुनावः कांग्रेस बिहार में दोहराएगी झारखंड का फॉर्मूला

punjabkesari.in Thursday, Jan 02, 2020 - 02:55 PM (IST)

पटनाः झारखंड में गठबंधन को मिली शानदार जीत के बाद अब कांग्रेस बिहार में उसी रणनीति को दोहराने की तैयारी में हैं।

कांग्रेस ने झारखंड में झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के साथ गठबंधन कर दूसरे नंबर की पार्टी की भूमिका अदा की थी। अब वह बिहार में अपने पुराने और विश्वसनीय सहयोगी राजद के साथ जूनियर पार्टी की भूमिका निभाने को तैयार है। कांग्रेस इस बात को बिहार में यकीनी बनाएगी कि विधानसभा चुनावों में गठबंधन और राजनीतिक मेल-मिलाप जमीनी स्तर पर मजबूत बने।

कांग्रेस ने झारखंड में झामुमो के हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार स्वीकार किया था और अब वह बिहार में महागठबंधन में राजद के तेजस्वी यादव को सीएम पद का उम्मीदवार स्वीकार करने को तैयार है। कांग्रेस और राजद के साथ महागठबंधन में कुशवाहा की पार्टी रालोसपा और पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हम शामिल है। इन पार्टियों में पिछले लोकसभा चुनावों में भी तालमेल था। इस गठबंधन में वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) और मार्क्सवादी पार्टियां इस बहुरंगी गठंबंधन का हिस्सा थी। यब बात अभी स्पष्ट नहीं हो पाई कि अन्य वाम दल भी इनके साथ होंगे या नहीं।

वहीं चुनावों में अभी सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू नहीं हुई है। आशा है कि अप्रैल-मई में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होगी। अक्टूबर-नवंबर महीने में चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि अप्रैल-मई में अपने सहयोगियों के साथ बातचीत शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की 243 विधानसभा सीटों में हमने जमीनी स्तर पर काम करना शुरू कर दिया है।


 

Nitika