सड़क निर्माण को लेकर 2 पक्षों के बीच हुआ विवाद, फायरिंग में एक की मौत, तीन घायल

punjabkesari.in Saturday, Jan 12, 2019 - 03:10 PM (IST)

सिवानः बिहार के सिवान जिले में सड़क निर्माण को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद में जमकर गोलाबारी हुई। इस गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के छोटका माझा की है जहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसको लेकर दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते इस झड़प ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान हुई गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। इस घटना के चलते आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर आग लगा दी। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मृतक का नाम कृष्णा यादव बताया जा रहा है। घटना में एक वृद्धा, एक बच्चे और एक युवक घायल हो गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

prachi