PM मोदी के जन्मदिन पर रेलयात्रियों को मिली सौगात, डेहरी-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस का हुआ शुभारंभ

punjabkesari.in Tuesday, Sep 17, 2019 - 05:55 PM (IST)

डेहरी ऑन सोनः बिहार में पूर्व-मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (मुगलसराय) मंडल के डेहरी-ऑन-सोन से रांची के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। सांसद महाबली सिंह एवं विधायक सत्यनारायण सिंह ने डेहरी स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रांची के लिए रवाना किया।

रेलवे स्टेशन पर एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुई इस ट्रेन को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। रांची के लिए इस ट्रेन की सुविधा मिलने से यहां के लोगों में प्रसन्नता है। इस ट्रेन को रांची पहुंचने में लगभग छह घंटे का समय लगेगा। इस मौके पर सांसद महाबली सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में यहां के रेल यात्रियों को और कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वहीं विधायक सत्यनारायण सिंह ने कहा कि रेल मंत्रालय ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर डेहरी के लोगों को यह सौगात दी है। इसके लिए डेहरी विधानसभा की और आसपास के इलाकों की जनता ने पीएम मोदी और रेल मंत्री पीयूष गोयल को धन्यवाद दिया है।

विधायक ने कहा कि आने वाले महीनों में डालमियानगर में रेल वैगन मरम्मत, रेल बैगन निर्माण एवं कैप्लर कारखाना का कार्य आरम्भ होने वाला है। रेलवे के मानचित्र पर यह शहर अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने यात्रियों को गुलाब का फूल देकर यात्रा की शुभकामनाएं दी। वहीं, पूर्व मध्य रेलवे के मुगलसराय मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक रूपेश कुमार ने सांसद एवं विधायक को फूलों के गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
 

prachi