बिहारः थम गया उपचुनाव प्रचार, 21 अक्टूबर को 51 प्रत्याशी आजमाएंगे अपनी किस्मत

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2019 - 05:59 PM (IST)

पटनाः बिहार की पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव का प्रचार आज थम गया। 21 अक्टूबर को समस्तीपुर लोकसभा सीट और किशनगंज, बेलहर, नाथनगर, दरौंदा और सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे वहीं परिणामों की घोषणा 24 अक्टूबर को होगी। इन उपचुनावों में कुल 51 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिनमें 45 प्रत्याशी पुरुष और छह महिला प्रत्याशी हैं। 3258 बूथों पर मतदान होगा।

उपचुनाव में राजग की ओर से जदयू ने चार और भाजपा ने एक विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं। वहीं राजग की सहयोगी लोजपा समस्तीपुर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। महागठबंधन में राजद चार विधानसभा सीटों पर तो कांग्रेस ने एक विधानसभा सीट के साथ एक लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा है।

समस्तीपुर लोकसभा सीट लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान के निधन के चलते समस्तीपुर रिक्त हुई है। इस सीट पर लोजपा ने रामचंद्र पासवान के बेटे प्रिंस पासवान को मैदान में उतारा वहीं कांग्रेस के डॉ. अशोक कुमार पर भरोसा जताया है। इस सीट पर कुल आठ प्रत्याशी मैदान में हैं।

किशनगंज विधानसभा सीट पर भाजपा की स्वीटी सिंह का मुकाबला कांग्रेस के डॉ. जावेद की मां सईदा बानो से होगा। वहीं इस सीट पर AIMIM के कमरुल हुदा भी ताल ठोक रहे हैं।

बेलहर विधानसभा सीट पर जदयू के लालधारी यादव का मुकाबला राजद के पूर्व विधायक रामदेव यादव से होगा। बेलहर में 329 बूथों पर मतदान होंगे और 3,03,418 मतदाता अपने मतधिकार का प्रयोग करेंगे।

वहीं नाथनगर विधानसभा सीट पर जदयू ने लक्ष्मीकांत मंडल को मैदान में उतारा है वहीं राजद ने राबिया खातुन को चुनावी मैदान में उतारा है। नाथनगर में 307 बूथों पर मतदान होगा।

इसके अतिरिक्त दरौंदा सीट से जदयू के अजय सिंह का मुकाबला राजद के उमेश सिंह के साथ होगा। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रणजीत सिंह निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा सीट से जदयू के पूर्व विधायक अरुण यादव का सीधा मुकाबला राजद के जफर आलम के साथ होगा।

prachi