भोजपुरः नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 महिलाओं सहित 5 लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jan 11, 2019 - 02:31 PM (IST)

भोजपुरः बिहार के भोजुपर जिले की पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने जाली नोटों को छापने वाली प्रिंटर मशीन के साथ 3 महिलाओं सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को भारी मात्रा में छपे हुए नकली 100, 200 और 500 के नोट भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने कुल 33 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। 

मामला बिहार के भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के जमुआव गाँव का है जहां पुलिस ने जाली नोटों का कारोबार कर रहे 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बडीहा निवासी दरोगा सिंह के बेटे गुड्डू कुमार और संदेश थाना क्षेत्र के जमुआव निवासी नागेंद्र सिंह को उसकी पत्नी रेखा देवी और दो बहुओं देवंती देवी और नेहा देवी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी जाली नोटों को छापकर बाजार में फैलाने का काम करते थे। ये लोग आर्डर पर भी जाली नोटों की छपाई करते थे।

भोजपुर पुलिस को मिली सफलता के बाद आरा सदर एसडीपीओ पंकज कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि भोजपुर पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त जगह पर बड़े पैमाने पर जाली नोटों को छापा जाता था। पुलिस ने तत्काल कदम उठाते हुए मौके से सास और उसकी दो बहुओं समेत कुल 5 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ ने बताया कि पहले ये लोग करीब 5 से 6 लाख रूपए छाप चुके थे। यह इनका दूसरा टेंडर था जिसकी अब यह लोग छपाई कर रहे थे।  

prachi