महागठबंधन में सीट शेयरिंग से पहले कांग्रेस में घमासान, कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

punjabkesari.in Friday, Mar 22, 2019 - 02:45 PM (IST)

पटनाः महागठबंधन में लोकसभा चुनावों के तहत आज सीट बंटवारे का ऐलान हो सकता है। इससे पहले ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित पार्टी कार्यालय सदाकत आश्रम के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और अखिलेश सिंह पर पैसे लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाया।

वहीं औरंगाबाद सीट से पूर्व सांसद निखिल कुमार का टिकट कटने पर उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। शक्ति सिंह गोहिल का पुतला जलाकर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के द्वारा शव यात्रा भी निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी ही नेताओं के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया। इस हंगामे को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस के पूर्व सांसद निखिल कुमार के समर्थकों का कहना है कि उनके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी से व्यक्तिगत अच्छे संबंध हैं लेकिन प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल इसे तोड़ना चाहते हैं। समर्थकों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी मिलकर बिहार में कांग्रेस को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।

prachi