गंगा सहित कई नदियों का बढ़ा जलस्तर, भागलपुर के कई प्रखंडों में दाखिल हुआ बाढ़ का पानी

punjabkesari.in Saturday, Sep 21, 2019 - 06:43 PM (IST)

भागलपुरः बिहार में गंगा एवं कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से भागलपुर जिले के कई प्रखंड में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है जिसके चलते जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

जानकारी के अनुसार, जिले के सबौर, कहलगांव, रंगरा, नारायणपुर, इस्माईलपुर, नाथनगर, खरीक प्रखंडों के 24 से अधिक गांवों की आबादी बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। इस्माईलपुर प्रखंड के सभी ग्यारह गांव जलमग्न हो गए हैं। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर बाढ़ का पानी आ जाने से आवागमन बंद कर दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि इस्माइलपुर प्रखंड, अंचल कार्यालय एवं थाना आदि कार्यालयों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से कामकाज बाधित हो गया है। वहीं, इस प्रखंड का संपर्क नवगछिया अनुमंडल और जिला मुख्यालय से टूट चुका है जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया था। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को सचेत रहने के साथ कई आवश्यक निर्देश दिए। इससे पहले गुरुवार को नीतीश कुमार ने गंगा के बढ़े हुए जलस्तर का भी निरीक्षण किया था।   

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News

static