बेगूसराय के सिमिरिया घाट पर हुआ भाजपा सांसद भोला सिंह का अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Sunday, Oct 21, 2018 - 01:49 PM (IST)

पटनाः रविवार को सिमरिया गंगा तट भाजपा नेता भोला सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। भाजपा नेता के अंतिम संस्कार में उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, एक दर्जन से अधिक केंद्रीय व राज्‍य के मंत्रियों के साथ कई गणमान्‍य लोग मौजूद रहे।

अंतिम संस्कार से पहले भोला सिंह की शव यात्रा उनके गांव गढ़पुरा के दुनही से निकल कर बेगूसराय के अशोक नगर स्थित उनके घर पहुंची। इसके बाद शवयात्रा गांधी स्टेडियम पहुंची। वहां उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक अवधेश राय, राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

शनिवार को उनका पार्थिव शरीर पटना लाया गया था जिसके बाद देर शाम शव को उनके पैतृक गांव ले जाया गया। सीएम नीतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा भवन पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

गौरतलब है कि भाजपा सांसद भोला सिंह ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में शुक्रवार को अंतिम सांस ली। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भोला सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। 
 

prachi