सुधार गृह में कर्मियों की प्रताड़ना से तंग आकर बालिका ने निगला कांच का टुकड़ा

punjabkesari.in Monday, Sep 03, 2018 - 04:57 PM (IST)

बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय में स्थित बालिका सुधार गृह में रहने वाली एक किशोरी ने कर्मियों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर खुदकशी करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

मामला जिले के नगर थानांतर्गत रतनपुर इलाके में स्थित बालिका सुधार गृह का है। असम निवासी 12 वर्षीय बालिका को कांच का टुकड़ा निगले जाने पर इलाज के लिए जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बालिका ने बाल सुधार गृह की अधीक्षक सहित अन्यकर्मियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। 

सदर अनुमंडलाधिकारी संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि महिला कल्याण विभाग के पदाधिकारियों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि, सुधार गृह में बच्चों को प्रताड़ित करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मुजफ्फरपुर और पटना आसरा गृह से मासूमों के साथ हैवानियत सामने आ चुकी है। 

Deepika Rajput