गूगल ने आज डूडल में इस बिहारी को किया याद, ब्रिटेन में खोला था पहला भारतीय रेस्टोरेंट

punjabkesari.in Tuesday, Jan 15, 2019 - 06:29 PM (IST)

पटनाः गूगल ने आज बिहार के शेक दीन मोहम्मद का डूडल बनाया है। उनका भारत और इंग्लैण्ड के बीच अच्छे संबंध बनाने में काफी योगदान रहा है। उन्होंने इंग्लैंड में भारतीय रेस्टोरेंट खोला और साथ ही सिर की मालिश यानि चंपी को पूरे यूरोप में फेमस किया। इसके साथ ही शेक दीन मोहम्मद ने यूरोप में भारतीय व्यंजनों और शैम्पू बाथ की शुरुआत भी की।

आज ही के दिन अंग्रेजी किताब को किया था प्रकाशित
शेक दीन मोहम्मद का जन्म 1759 में बिहार के बक्सर जिले में हुआ। 10 साल की उम्र में ही शेक दीन मोहम्मद के पिता का निधन हो गया था। ग्यारह साल की उम्र में दीन मोहम्मद फौज में भर्ती हो गए और कैप्टन के पद तक जा पहुंचे। वे 1782 तक सेना में रहे और बाद में वह ब्रिटेन आ गए। सन् 1794 में आज ही के दिन उन्होंने अपनी पहली अंग्रेजी किताब को भी प्रकाशित किया था। 

ब्रिटेन में खोला था पहला भारतीय व्यंजन परोसने वाला रेस्टोरेंट
ब्रिटेन में आठ साल रहने के बाद शेक दीन मोहम्मद ने 1810 में वहां पहला भारतीय व्यंजन परोसने वाला एक रेस्टोरेंट खोला। इस रेस्टोरेंट को हिंदुस्तान कॉफी हाउस के नाम से जाना जाता था। दो साल के बाद आर्थिक तंगी के चलते उन्हें यह रेस्टोरेंट बंद करना पड़ा। इसके बाद शेक दीन मोहम्मद ने इंग्लैण्ड के ब्राइटन शहर में एक बाथ स्पा खोला। इस बाथ स्पा में वह लोगों के सिर की चंपी करते थे।

शेक दीन मोहम्मद की 'चंपी' पूरे ब्रिटेन और यूरोप में हुई थी प्रसिद्ध
इस चंपी को शेक दीन मोहम्मद ने 'शैंपू' का नाम दे दिया। उनकी चंपी पूरे ब्रिटेन और यूरोप में काफी प्रसिद्ध हो गई। इसी वजह से सन् 1822 में किंग जॉर्ज ने शेक दीन मोहम्मद को अपना निजी चंपी सर्जन नियुक्त किया था।दीन मोहम्मद को 'रॉयल शैंपूइंग सर्जन' कहा जाने लगा। 1851 में उनकी मृत्यु 32 ग्रैंड परेड, ब्राइटन में हुई। 

prachi