डीएम से हुए विवाद के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए सरकारी डॉक्टर, ओपीडी सेवा हुई ठप

punjabkesari.in Wednesday, Nov 21, 2018 - 11:42 AM (IST)

आराः बिहार के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। आरा के डीएम संजीव कुमार तथा उनके गार्ड पर डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिले के सभी डॉक्टरों ने पीड़ित डॉक्टर के समर्थन में आकर जिलाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डॉक्टरों ने ओपीडी और इमरजेंसी सेवा को अनिश्चितकाल के लिए ठप कर दिया है।

बुधवार को होने वाली बैठक में निर्णय लेने के बाद जिले में प्राइवेट क्लिनिकों को भी बंद करने का एलान किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर इसी कड़ी में एक बड़ी घटना घट गई है जिसमें हड़ताल के दौरान इलाज के अभाव में एक महिला मरीज की मौत हो गई है। भोजपुर जिले में फिलहाल हड़ताल के कारण स्वस्थ व्यवस्था चरमराई हुई है।

मृतक महिला फुलमनी देवी आरा के राम नगर चंदवा मुहल्ला निवासी विवेक कुमार सिंह की पत्नी बताई जा रही है जो सदर अस्पताल में अपना इलाज कराने आई थी। महिला का प्रसव शनिवार के दिन अस्पताल में हुआ था जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक से ज्यादा खराब हो गई थी। अस्पताल में हड़ताल के कारण डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया और महिला को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया लेकिन इससे पहले ही महिला की मौत हो गई। 

यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब जिले के जिलाधिकारी संजीव कुमार ने चिकित्सकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा हाजिरी लगाने की बात कही। इस पर ओपीडी में तैनात डॉक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डीएम के समक्ष हाजिर नहीं हुए। इसके बाद जिलाधिकारी ने अपने दो गार्ड भेजकर चिकित्सक को बलपूर्वक अपने आवास पर बुलवाया और चिकित्सक को कड़ी फटकार लगाई। इस घटना से गुस्साए डॉक्टरों ने आरा सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसके चलते डॉक्टरों में जिलाधिकारी के प्रति काफी रोष देखने को मिल रहा है।  

prachi