प्रवासियों को लेकर पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी शर्मनाक आदेश वापस ले सरकारः प्रेमचंद्र मिश्रा

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2020 - 06:06 PM (IST)

 

पटनाः बिहार में कांग्रेस पार्टी के विधान परिषद सदस्य प्रेमचंद्र मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी इस पत्र को शर्मनाक बताया है। साथ ही मजदूर विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है। दरअसल, पुलिस मुख्यालय के द्वारा पत्र एक जारी किया गया है। इस पत्र में प्रवासी श्रमिकों के द्वारा अपराध करने और उन्हें कानून व्यवस्था के लिए संकट बताते हुए पूरे राज्य को अलर्ट पर रखने की हिदायत दी गई है।

सरकार की मजदूरों के प्रति सोच हुई उजागर
प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि प्रवासियों को बिहार लाने को लेकर शुरू से ही सरकार का रुख आनाकानी करने जैसा रहा है। उनके बिहार लौटने के बाद कभी संक्रमण फैलाने का आरोप तो कभी क्वारंटाइन केंद्रों पर उपद्रव फैलाने का आरोप लगता रहा है। वहीं अब पुलिस अपर महानिदेशक अमित कुमार द्वारा निर्गत पत्र ने इस बात को उजागर कर दिया है कि सरकार की इन मजदूरों के प्रति क्या सोच है।

पुलिस मुख्यालय ने राज्यों को किया अलर्ट
प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री रोज कहते हैं कि बिहार लौटे श्रमिकों को अब यहीं रोजगार उपलब्ध करवाएंगे ताकि उन्हें बाहर नहीं जाना पड़े। साथ ही राशन और आर्थिक सहयोग देने का दावा किया जाता है तो दूसरी तरफ पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारी के द्वारा पूरे राज्य प्रशासन को अलर्ट किया जाता है कि बड़ी संख्या में लौटे प्रवासियों को रोजगार नहीं मिलेगा। अतः संभावना है कि वे अपराध करेंगे तथा कानून व्यवस्था के लिए संकट पैदा करेंगे को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरती जाए।

Nitika