बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ी राहत, राज्य सरकार ने DBT के जरिए खाते में भेजी अनुदान राशि

punjabkesari.in Friday, Jul 19, 2019 - 02:17 PM (IST)

पटनाः बिहार में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। इस बीच बिहार सरकार ने बाढ़ पीड़ितों को राहत देते हुए उनके खातों में 6-6 हजार रुपए की सहायता राशि मुहैया करवाई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रत्यक्ष लाभ स्थानांतरण (डीबीटी) के जरिए राशि ट्रांसफर करने की शुरुआत की।

जानकारी के अनुसार, आपदा प्रबंधन विभाग से बाढ़ प्रभावित जिलों से मंगवाई गई सूची के आधार पर बाढ़ पीड़ितों के खातों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर और पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए 6-6 हजार रुपए भेजने की शुरुआत की। ऐसा पहली बार हुआ है कि राज्य सरकार ने मदद के लिए दी जाने वाली राशि सीधे बाढ़ पीड़ितों के खाते में दी जा रही है।

बता दें कि बिहार के दर्जन भर जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं और इसके चलते अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के दौरान भी मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद को लेकर सजग और संवेदनशील है।

prachi