हरियाणा के CM ने नीतीश को लिखा पत्र, प्रवासियों के लिए भेजी गई राशि को किया अस्वीकार
punjabkesari.in Monday, May 18, 2020 - 01:41 PM (IST)
पटनाः हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सीएम नीतीश को पत्र लिखा है। इसके जरिए उन्होंने हरियाणा में फंसे प्रवासियों के लिए भेजी गई राशि लौटा दी है। साथ ही इसके लिए सीएम नीतीश का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री खट्टर ने बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी का आभार प्रकट करते हुए प्रत्येक श्रमिक के हितों की रक्षा का हरियाणा सरकार का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों के योगदान को देखते हुए पहले की तरह प्रवासियों का खर्चा हरियाणा सरकार स्वयं उठाएगी।
सीएम खट्टर ने पत्र में लिखा कि नीतीश जी, आपके अधिकारियों का पत्र मिला जिसमें आपने लॉकडाउन के चलते हरियाणा में फंसे बिहार के नागरिकों के बारे में चिंता व्यक्त की है और हरियाणा सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के एवज में खर्च हुई धनराशि देने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि अपने राज्य के नागरिकों के बारे में आपकी चिंता उचित और सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि मैं इस पत्र के माध्यम से आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि हरियाणा में रह रहे प्रत्येक भारतीय नागरिक हमारे भी उतने ही हैं, जितने उन राज्यों के जहां से वे आते हैं। हरियाणा आकर काम करने वाला हर नागरिक चाहे कहीं भी पैदा हुआ हो पर आज वो हमारे लिए किसी हरियाणवी से बिल्कुल भी कम नहीं है। हमने उन्हें अपनों की तरह रखा है और उनका ख्याल किया है। वे हमारी भी जिम्मेदारी हैं।
सीएम खट्टर ने आगे लिखा कि हरियाणा सरकार के माध्यम से उन्हें हर संभव मदद की जा रही है और आगे भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव के लिए हम आपके व आपकी सरकार के आभारी हैं, लेकिन आपकी ओर से दी गई यह राशि हम अनुग्रह पूर्वक अस्वीकार कर वापस करने को विवश हैं।

