सावन का पहला सोमवार: रामरेखा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, लगाई आस्था की डुबकी

punjabkesari.in Monday, Jul 22, 2019 - 01:52 PM (IST)

बक्सरः सावन माह के पहले सोमवार पर भोलेनाथ के भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के कईं मंदिरों में बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से आ रहे हैं। वहीं बक्सर के ऐतिहासिक रामरेखा घाट पर भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान किया। 

भोलेनाथ को श्रद्धालुओं ने अर्पित किया जल 
गंगा स्नान और जल भरने का सिलसिला देर रात से ही शुरू हो गया था, जिसके कारण रामरेखा घाट पर काफी चहल-पहल देखने को मिली। रामरेखा घाट पर स्नान करने और जल लेने के बाद यहां स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर में भोलेनाथ को श्रद्धालुओं ने जल अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी मुरादों को पूरी करने की कामना की। 

रामरेखा घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 
श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन का पहला सोमवार कई मायनों में फलदायी सिद्ध होता है। वहीं श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। साथ ही पुलिस बल भी काफी संख्या में तैनात किया गया है। 

भगवान राम ने की थी इस मंदिर की स्थापना 
बता दें कि, ऐतिहासिक रामरेखा घाट पर भगवान राम ने लाखों वर्ष पहले बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर की स्थापना की थी। तब से लेकर अब तक श्रद्धालुओं की आस्था रामेश्वर नाथ मंदिर से जुड़ी हुई है। यही वजह है कि भारी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और बाबा रामेश्वर नाथ की पूजा अर्चना करते हैं।

Deepika Rajput