Lok Sabha Election 2019: बेगूसराय में कन्हैया कुमार का विरोध, लगे देशद्रोही मुर्दाबाद के नारे

punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2019 - 04:43 PM (IST)

बेगूसरायः बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की टिकट से जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार चुनाव लड़ रहे हैं। इसके चलते कन्हैया कुमार प्रचार में लगे हुए हैं लेकिन उन्हें अपने ही इलाके में विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इस घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

कन्हैया कुमार बेगूसराय में प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान जिले के रामदिरी गांव में कन्हैया कुमार को कुछ लोगों ने रोक लिया। इस दौरान एक शख्स उनसे पूछ बैठा आपको किस तरह की आजादी चाहिए? देश में गरीब आजाद नहीं घूम रहे हैं? गरीबों को किसने पकड़कर रखा है? वह शख्स यहीं नहीं रुका उसने कहा कि तुम हमारे नेता बनने चले हो…बनो अच्छी बात है लेकिन सवर्णों को जब 10 प्रतिशत आरक्षण मिला तो भी तुम उसका विरोध कर रहे थे। भारत तेरे टुकड़े होंगे इंशा अल्लाह...इंशा अल्लाह…के नारे तुमने लगाए।

इस पर कन्हैया कुमार कहते हैं तुम भाजपा से हो क्या? इस पर वह शख्स कहने लगता है कि वह नोटा को समर्थन करने वालों में से है। इसके बाद लोगों ने देशद्रोही मुर्दाबाद के नारे लगाए। बता दें कि बेगूसराय में कन्हैया कुमार को मुकाबला भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से होने वाला है।

prachi