जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार इस सीट से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

punjabkesari.in Sunday, Sep 02, 2018 - 11:15 AM (IST)

पटनाः जेएनयू(जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय से महागठबंधन की तरफ से एक उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। कन्हैया कुमार सीपीआई की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। 

बिहार सीपीआई के महासचिव सत्यनारायण सिंह ने कहा कि कन्हैया कुमार लोकसभा चुनावों में बेगूसराय की सीट पर महागठबंधन के घटक दल राजद, कांग्रेस, हम और वामपंथी पार्टियों के साझे उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी इस पर सहमति व्यक्त की। इस बात की औपचारिक घोषणा करना अभी बाकी है। कन्हैया कुमार मूल रूप से बेगूसराय के बरौनी प्रखंड स्थित बीहट पंचायत के निवासी हैं।

जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष रहते हुए फरवरी 2016 में कन्हैया कुमार पर देशद्रोही नारे लगाने का आरोप लगाया गया था जिसके चलते वह जेल भी गए थे। अभी कन्‍हैया जमानत पर जेल से बाहर आए हुए हैं। बता दें कि इस समय बेगूसराय लोकसभा सीट पर भाजपा के भोला सिंह हैं। उन्होंने 2014 लोकसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार तनवीर हसन को हराकर इस सीट पर कब्जा किया था।

prachi