पटना में BJP के विरोध में लगे पोस्टर, लिखा- बंद करो कुशवाहा समाज को अपमानित करना

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2020 - 12:32 PM (IST)

पटनाः राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार एनडीए ने अपने तीन प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इनमें से जहां जदयू ने राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रामनाथ ठाकुर के नाम का ऐलान किया है। वहीं भाजपा विवेक ठाकुर को राज्यसभा में भेजेगी। इसी बीच कुशवाहा समाज के लोगों ने भाजपा से नाराजगी जताई है।

दरअसल भाजपा की ओर से कुशवाहा समाज से एक भी प्रत्याशी नहीं बनाया गया। इसके लिए कुशवाहा समाज ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पटना के विभिन्न चौक-चौराहों पर होर्डिंगस लगवाए हैं। इन होर्डिंगस में लिखा है कि भाजपा के द्वारा लोकसभा चुनाव में कुशवाहा समाज के सदस्य को राज्यसभा भेजने का वादा किया गया था। आज कुशवाहा समाज का अपमान क्यों? जवाब दो, जवाब दो।

वहीं कुशवंशी महासभा की ओर से लगाए गए पोस्टर में लिखा है कि भाजपा द्वारा कुशवाहा समाज को अपमानित करना बंद करो। अपमान का बदला विधानसभा चुनाव में लेंगे। बता दें कि बिहार में एनडीए ने जहां अपने तीन प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। वहीं राजद की ओर से भी राज्यसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है, जिनमें प्रेमचंद गुप्ता व भूमिहार जाति के अमरेंद्रधारी सिंह का नाम शामिल है।

Nitika