लालू ने RIMS में मनाया मकर संक्रांति का त्योहार, खास व्यंजन लेकर पहुंचे समर्थक

punjabkesari.in Wednesday, Jan 15, 2020 - 06:52 PM (IST)

रांचीः चूड़ा-दही के शौकीन राजद प्रमुख लालू यादव मकर संक्रांति का त्योहार न मनाए, ऐसा संभव ही नहीं है। इस बार लालू भले ही रांची के रिम्स में भर्ती हैं, लेकिन फिर भी उन्होंने राजद कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मकर संक्रांति का पर्व मनाया।

मकर संक्रांति के इस विशेष मौके पर बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता रिम्स के पेइंग वार्ड पहुंचे। राजद कार्यकर्ता बख्तियारपुर का भूरा, गया का तिलकुट और देसी शुद्ध दही लेकर गए। वहीं लालू यादव ने भी अपने 300 समर्थकों के लिए चूड़ा-दही, शुगर फ्री तिलकुट और आलू-गोभी-मटर की सब्जी की व्यवस्था की। इस दौरान राजद नेताओं ने लालू यादव से मुलाकात की। साथ ही लालू को मकर संक्रांति की बधाई भी दी।

वहीं दूसरी ओर राजद विधायक महागठबंधन के भोज में शामिल ना होकर जदयू द्वारा दिए भोज के न्योते में शामिल हुए। राजद विधायक फराज फातिमी जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की ओर से आयोजित दही-चूड़ा भोज में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन के खिलाफ बयानबाजी की। साथ ही फातिमी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की यात्रा को ढकोसला करार दे दिया।
 

Nitika