लालू ने नीतीश सरकार पर कसा तंज, लिखा- पलटू-सलटू के गले में अब 15 बरसों का ढोल पड़ा...

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2020 - 04:47 PM (IST)

पटनाः बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसी के चलते सभी राजनीतिक पार्टियों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं अब विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में राजद अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने नीतीश सरकार पर तंज कसा है।

लालू यादव ने ट्वीट कर लिखा कि पलटू-सलटू के गले में अब 15 बरसों का ढोल पड़ा है। जरा जोर-जोर से पीटो...और अपनी उपलब्धियां गिनाओ। उन्होंने आगे लिखा कि पलायन, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा-स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था, मुजफ्फरपुर कांड, सृजन सहित 55 घोटाले, चमकी बुखार, बाढ़-जल जमाव और जनादेश डकैती जैसी इनकी अनेक विस्मयजनक उपलब्धियां है।

वहीं लालू यादव ने ट्वीट के साथ एक कॉर्टून भी पोस्ट किया है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार को एक पेड़ की टहनी पर बैठे दिखाया गया है। साथ ही उसी टहनी को नीतीश कुमार द्वारा काटते हुए दर्शाया गया है। उस पर लिखा हैः-
पूरी दुनिया हमारे काम का लोहा मानती है
हम ऊपर से नहीं नीचे से नंबर एक पर हैं।


बता दें कि राजद अध्यक्ष ने ट्वीट के द्वारा नीतीश सरकार पर तंज कसा है। साथ ही लालू ने नीतीश काल में हुए घोटाले और राज्य में आईं समस्याओं को उनकी उपलब्धियां करार दिया है।

Nitika