हर दिल को भाता है बिहार का लिट्टी चोखा, स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी रखता है ख्याल
punjabkesari.in Friday, Mar 22, 2019 - 06:20 PM (IST)

पटनाः आज बिहार 107 साल को हो गया है। बिहार दिवस पूरे राज्य में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। बिहार कई बातों को लेकर खास माना जाता है। इसमें बिहार का व्यंजन लिट्टी चोखा सबसे अधिक प्रसिद्ध है। बिहार का लिट्टी चोखा देश के साथ-साथ विदेश में भी चर्चा का विषय बन चुका है। आम लोगों के साथ-साथ सेलिब्रिटिस भी बिहार के इस व्यंजन के फैन हैं।
लिट्टी चोखा सेहत के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है। लिट्टी बनाने में चने के सत्तू और गेहूं के आटे का इस्तेमाल होता है जिसमें आवश्यक फाइबर पाए जाते हैं। देसी घी से सनी होने के कारण लिट्टी खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होती है। लिट्टी के साथ खाया जाने वाला चोखा आलू से बनता है जो कि काफी सेहतमंद और स्वादिष्ट होता है। बॉलीवुड अभिनेताओं से लेकर हॉलीवुड के सेलिब्रिटी भी बिहार के इस खास व्यंजन के दीवाने हैं।
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपने पटना दौरे के दौरान बेली रोड में ठेले पर बिकने वाली लिट्टी का खूब आनंद उठाया था। वहीं हॉलीवुड अभिनेत्री मैंडी मूर को भी लिट्टी चोखा बहुत पसंद है। कम खर्च में बनने वाले बिहार के इस खास व्यंजन का मुकाबला आजकल के फेम्स फास्ट फूड भी नहीं कर पाए हैं। बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को यह व्यंजन बहुत पसंद आता है।
अगर कहा जाए कि इस व्यंजन को एक अलग पहचान देने में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का भी अहम हाथ रहा है तो यह कुछ गलत नहीं होगा। लालू यादव खुद से लिट्टी चोखा बनाते थे, खुद भी खाते थे और मेहमानों को भी खिलाते थे। गौरतलब है कि शुक्रवार को बिहार दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।