बिहार में धूमधाम से मनाई जा रही मकर संक्रांति, गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

punjabkesari.in Wednesday, Jan 15, 2020 - 12:04 PM (IST)

पटनाः बिहार में मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। मकर संक्रांति इस बार दो दिन मनाई जा रही है। कुछ लोगों ने मंगलवार को यह पर्व मनाया था। वहीं मकर संक्राति का पर्व आज भी धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है।

हिन्दू पंचांग के अनुसार जब सूर्य एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करता है, तो यह घटना संक्रमण या संक्रांति कहलाती है। संक्रांति का नामकरण उस राशि से होता है, जिस राशि में सूर्य प्रवेश करता है। मकर संक्रांति के दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करता है तो उसे मकर संक्रांति कहते हैं।

मकर संक्रांति के त्योहार पर गंगा में स्नान का बहुत महत्व माना जाता है। चूड़ा-दही के पर्व मकर संक्रांति के अवसर पर पटना के आस-पास के ग्रामीण इलाकों से गंगा नदी के पवित्र जल में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला दो दिन पूर्व से ही शुरु हो गया था, जो आज सुबह तक जारी रहा।

सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ ही गंगा स्नान शुरू हो गया। सुबह से ही गंगा में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। ग्रामीण इलाकों के अलावा शहर के विभिन्न मुहल्लों से श्रद्धालुओं ने राजधानी के महेन्द्रू घाट, समाहरणालय घाट, काली घाट, भ्रद घाट, गांधी घाट, कृष्णा घाट समेत विभिन्न घाटों पर जाकर गंगा नदी में स्नान किया और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Related News

static