दिल्ली अग्निकांडः मृतकों में शामिल बिहार के कई मजदूर, CM नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान

punjabkesari.in Sunday, Dec 08, 2019 - 02:42 PM (IST)

पटना/दिल्लीः दिल्ली के रानी झांसी रोड के निकट अनाज मंडी में रविवार की सुबह लगी भीषण आग में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना में घायल हुए दर्जनों लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मरने वालों में कई मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं। इस हादसे पर नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार, जिस फैक्‍ट्री में आग लगी थी, वहां बिहार के सहरसा के नरियार गांव के करीब चार दर्जन लोग काम करते थे। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। मृतकों में ज्यादातर मजदूर कटिहार, मुंगेर, मुजफ्फरपुर व बेगूसराय के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रशासन मृतकों की पहचान करने में जुटा हुआ है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बिहार के स्थानीय आयुक्त, संयुक्त श्रम आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल के हालात का जायजा लेकर राज्य से संबंधित घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए कहा। कुमार ने कहा कि श्रम विभाग की ओर से एक-एक लाख रुपए तथा एक-एक लाख रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष की ओर से सहायता राशि के रूप में दिए जाएंगे।

विज्ञप्ति में नीतीश के हवाले से कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ हैं। उत्तरी दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में रविवार सुबह एक फैक्टरी में आग लगने से 43 मजदूरों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News

static