AK-47 बरामदगी मामलाः MLA अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में किया सरेंडर

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2019 - 01:07 PM (IST)

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के मोकामा से निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। कोेर्ट ने उनका सरेंडर मंजूर कर लिया है और दिल्ली पुलिस को अनंत सिंह को बाढ़ कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। 

पटना पुलिस अनंत सिंह को कस्टडी में लेने के लिए आवेदन देगी। इससे पहले गुरुवार की देर शाम विधायक अनंत सिंह ने अपना तीसरा वीडियो जारी करते हुए कहा था कि वह पुलिस के समक्ष नहीं, अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे। अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है। वह इससे पहले भी ऐसे दो वीडियो जारी कर चुके थे।

16 अगस्त को अनंत सिंह के नदवां स्थित आवास से एक एके-47 राइफल और ग्रेनेड बरामद हुआ था। 17 अगस्त से वह फरार थे। हथियार बरामद होने के तहत अनंत सिंह के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम (यूएपीए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसके चलते उन्हें जमानत मिलना मुश्किल होगा। इससे पहले भी हत्या की साजिश रचने के मामले में अनंत सिंह पर पुलिस ने शिकंजा कसा था।

बता दें कि निर्दलीय विधायक अनंत सिंह की गिनती बिहार के बाहुबली नेताओं में होती है। अनंत कभी नीतीश के करीबी थे। वह 2005 में पहली बार जदयू के टिकट से चुनाव जीते। 2010 में भी वह जदयू के विधायक बने। 2015 के चुनाव से पहले हत्या के एक मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा। इस दौरान जदयू ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। इसके बाद उन्होंने जेल से ही चुनाव लड़ा और निर्दलीय विधायक चुने गए।

prachi