लखीसराय में नक्सलियों का तांडव, दिनदहाड़े दो लोगों को गोलियों से भूना

punjabkesari.in Monday, Aug 19, 2019 - 04:21 PM (IST)

लखीसरायः बिहार के लखीसराय में नक्सलियों ने डबल मर्डर की घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने दिनदहाड़े दो लोगों को एके-47 रायफल से भून डाला, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दिनदहाड़े हुई डबल मर्डर की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल फैला हुआ है।

जानकारी के अनुसार, घटना चानन थाना क्षेत्र के मननपुर बस्ती की है। भलूई पंचायत के मुखिया गणेश रजक की गाड़ी से तीन लोग मननपुर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान अत्याधुनिक हथियारों से लैस बाइक सवार नक्सलियों ने मदन यादव और छोटू कुमार को घेरकर गोलियों से भून डाला। इसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी अभियान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोग घटना की वजह बताने से इंकार कर रहे हैं।

Nitika