लालू की जिंदगी में हुई नए ''दुश्मन'' की एंट्री, बार-बार खुल रही है नींद

punjabkesari.in Monday, Sep 03, 2018 - 11:50 AM (IST)

रांची/पटनाः चारा घोटाला मामला में सजायाफ्ता राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव रांची के रिम्स में भर्ती हैं। अस्पताल में भी लालू यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। 

जानकारी के अनुसार, राजद अध्यक्ष को रिम्स के सुपर स्पेशलिटी विभाग में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। अस्पताल में कुत्ते लालू यादव की परेशानी का कारण बन रहे हैं। कुत्ते सारी रात अस्पताल में भौंकते है, जिससे कि लालू की नींंद खराब हो रही है। उनका कहना है कि जब कभी भी वह रात को सोने की कोशिश करते हैं, इसी बीच कुत्तों के भौंकने से उनकी नींद खुल जाती है। 
 

वहीं लालू के करीबी भोला यादव ने कहा कि रातभर रिम्स परिसर और आसपास कुत्तों के भौंकने से उनकी नींद खुल जा रही है। उनके कमरे के बाथरूम की स्थिति भी खराब है, जहां से बदबू आती है। इन समस्याओं से समाधान पाने के लिए वह पेइंग वार्ड की मांग कर रहे हैं। इससे उनकी नींद भी पूरी होगी और सेहत में भी सुधार होगा। 

बता दें कि रांची हाईकोर्ट द्वारा जमानत याचिका रद्द करने पर 30 अगस्त को लालू ने सीबीआई की विशेष कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद कोर्ट ने लालू को जेल भेजने का फैसला सुनाया था। जेल में मेडिकल जांच होने के बाद लालू को उसी दिन रांची के रिम्स अस्पताल में भेज दिया गया था। 

Nitika