बिहार विधानसभा में बोले CM नीतीश- बाढ़ में मदद के लिए केंद्र को जल्द भेजा जाएगा ज्ञापन

punjabkesari.in Friday, Jul 26, 2019 - 04:23 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र के आखिरी दिन कहा कि राज्य सरकार अपने स्तर से बाढ़ पीडितों की हरसंभव मदद कर रही है और जल्द ही केंद्र सरकार को भी मदद के लिए ज्ञापन भेजा जाएगा। सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए गंभीर है।

बिहार विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद बाढ़ पीड़ितों की मदद के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सदस्यों के हंगामा करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित कोई भी क्षेत्र उपेक्षित ना रहे इसके लिए उन्होंने खुद और अधिकारियों ने भी हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अभी बाढ़ पीड़ितों को अपने स्तर से हर संभव मदद दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मदद के संबंध में नियम बने हुए हैं। राज्य सरकार की ओर से बाढ़ में हुई क्षति के संबंध में एक ज्ञापन केंद्र सरकार को भेजा जाता है जिसकी तैयारी अभी चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से ज्ञापन भेजे जाने के बाद केंद्र की टीम क्षति का आकलन करने के लिए आती है। उस टीम की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र को जो उचित लगेगा वह मदद बिहार को दी जाएगी।

बता दें कि बिहार में बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 80 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाढ़ और सुखाड़ की समीक्षा करेंगे।
 

prachi