लॉकडाउन का पालन करवाने गए पुलिस दल पर हमला, महिला सिपाही समेत 7 पुलिसकर्मी घायल

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2020 - 12:04 PM (IST)

मोतिहारीः बिहार में पूर्वी चंपारण में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करने गए पुलिस गश्ती दल पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो महिला सिपाही समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र की है। पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने बताया कि अजगरी सिसहनी गांव के लोगों को लॉकडाउन का पालन करने और सोशल डिस्टेंसिंग का महत्व समझाया जा रहा था। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती दल पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए।

वहीं घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पकड़ीदयाल पीएचसी ले जाया गया। गंभीर रूप से जख्मी दो पुलिसकर्मियों को मोतिहारी रेफर किया गया है। पुलिस ने गांव के 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Edited By

Ramanjot