बेटी की स्कूल फीस देने के लिए डकैतों के गैंग में शामिल हुआ व्यक्ति, पुलिस ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Sep 09, 2018 - 01:21 PM (IST)

वैशालीः बिहार के वैशाली जिले से चार डकैतों को गिरफ्तार किया गया है जिनके पास से करोड़ों का सामान बरामद किया गया है। इन डकैतों में गिरफ्तार एक आरोपी का कहना है कि वह अपनी बेटी को अफसर बनाने के लिए इस गैंग में शामिल हुआ था।

गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने चार डकैतों को हाजीपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस को उनके पास से 20 लाख रुपए कीमत के जेवर और स्टोन बरामद हुए। इसके अतिरिक्त उनके पास से दो फायरआर्म और स्पोर्ट्स यूटीलिटी वाहन भी मिले। चारों डकैतों के पास से अमेरिकी डॉलर और यूरो भी मिले हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने लूट के पैसों से 15-15 लाख कीमत की प्रॉपर्टी खरीद ली थी। इस प्रॉपर्टी को भी जल्द जब्त किया जाएगा।

गिरफ्तार किए गए डकैतों में एक व्यक्ति की पहचान राम किशोर सिंह के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि यह गैंग उसने छह महीने पहले ही ज्वाइन किया है। बेटी के स्कूल की फीस देने और उसे अफसर बनाने के लिए उसने यह गैंग ज्वाइन किया था। आरोपियों के खिलाफ पटना, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और अन्य जिलों में डकैती के कई मामले दर्ज थे। सभी आरोपी फरार चल रहे थे।

prachi