बिहार में मुर्गे की हत्या, 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

punjabkesari.in Friday, Nov 22, 2019 - 03:46 PM (IST)

कैमूरः बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन पुलिस को हत्या, लूट जैसे आपराधिक मामले सुलझाने पड़ते हैं। इसी क्रम में अब बिहार पुलिस के पास एक अजीबोगरीब मामला आया है जिसे लेकर वह खुद हैरान है। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

दरअसल कैमूर जिले के दुर्गावती थाना के तिरोजपुर से पुलिस के पास एक मुर्गे की मौत का केस आया है। वहीं पुलिस अब मुर्गे के हत्यारे की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, दुर्गावती थाना क्षेत्र के तिरोजपुर गांव निवासी कमला देवी ने मुर्गा फार्म खोल रखा है। कमला देवी के पड़ोसी ने एक मुर्गे को पकड़ लिया और उसे मार डाला। इसके बाद विवाद शुरू हुआ तो आरोपियों ने मुर्गा फार्म चलाने वाली कमला देवी और उसके पुत्र इंदल को पीटकर जख्मी कर दिया।

वहीं कमला देवी ने दुर्गावती थाने में पूरी घटना की लिखित प्राथमिकी दर्ज करवाई। खास बात यह है कि मुर्गे का पोस्टमार्टम प्रखंड पशु अस्पताल दुर्गावती में किया गया। मुर्गे का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने बताया पोस्टमार्टम में मुर्गे के गर्दन पर ब्लड रुकने का प्रमाण मिला है। वहीं कैमूर एसपी दिलनवाज अहमद का कहना है कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
 

prachi