व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करना पुलिसकर्मी को पड़ा भारी, बर्खास्त

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2020 - 11:54 AM (IST)

बक्सरः बिहार में बक्सर जिले के नावानगर साइबर सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करना एक पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया। दरअसल, आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार की सुबह सोनवर्षा के रहने वाले शम्भू पटेल ने साइबर सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप में एक अपत्तिजनक वीडियो अपलोड कर दी थी। इसके बाद नावानगर थाने के जमादार संतोष कुमार ने वीडियो को नावानगर थाना द्वारा बनाए गए सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप में भी अपलोड कर दिया। जब इस बात की सूचना पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा को मिली तब उन्होंने नावानगर थानाध्यक्ष संजय कुमार को जमादार संतोष कुमार और युवक शम्भू पटेल पर मामला दर्ज करने का आदेश दिया।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश के आलोक में संतोष कुमार और शंभू पटेल पर मामला दर्ज करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने जमादार संतोष कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति किसी व्हाट्सएप ग्रुप आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड करता है तो उसके खिलाफ पुलिस साइबर अपराध मामले के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।

Nitika