दिल्ली से पैदल बिहार लौट रहे सलमान को रास्ते में हुआ प्यार, हमसफर को साथ लेकर पहुंचा घर

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2020 - 03:47 PM (IST)

पटनाः इन दिनों अपने गांव में लौट रहे प्रवासियों के दर्द भरे मामले सामने आ रहे है। प्रवासियों की मार्मिक तस्वीरों और वीडियो से सोशल मीडिया भर चुका है। इन सब के बीच एक दिलचस्प मामला सामने आया है। आपने ट्रेन, प्लेन या फिर बस की लव स्टोरी तो सुनी ही होगी, लेकिन हम आपको एक ऐसी लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं जो राह में चलते-चलते शुरू हुई।

ये दिलचस्प कहानी है बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाले सलमान की। लॉकडाउन के कारण दिल्ली में फंसा सलमान परिवार के संग पैदल ही घर के लिए निकल गया। जब वह हरियाणा पहुंचा तो मानो उसकी जिंदगी में रंग भर गए हो। रास्ते में उसे जीवन की हमसफर मिल गई। सफर के दौरान शुरू हुई दोस्ती घर पहुंचने तक शादी में तब्दील हो गई।

जानकारी के अनुसार, सलमान परिवार के साथ 18 मई को दिल्ली से बिहार के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान हरियाणा के पलवल और बल्लभगढ़ में परिवार जब पैदल चलते-चलते थक गया तो उसने आराम करने के लिए एक जगह चुनी। इसी दौरान सलमान के पिता के एक दोस्त भी मिल गए जो परिवार के साथ बिहार जा रहे थे। पिता के मित्र के साथ उनकी बेटी शहनाज भी थी। इसके बाद दोनों परिवारों ने एक साथ रास्ता तय करने का निर्णय लिया।

इस बीच सलमान और शहनाज में बातचीत शुरू हो गई। पैदल चलते-चलते जब दोनों परिवार आगरा पहुंचे तो शहनाज ने सलमान से ताजमहल दिखाने को कहा। इसके साथ ही दोनों की प्रेम कहानी आगे बढ़ गई। इस बीच दोनों के परिवारों को पता चला कि सलमान और शहनाज के बीच कुछ चल रहा है, जिसके बाद दोनों परिवारों में बहस भी हुई। गोरखपुर पहुंचने पर दोनों परिवारों ने तय किया कि अब वो आगे का सफर अकेले ही तय करेंगे।

वहीं सलमान ने साफ-साफ कह दिया कि वह शहनाज को साथ लेकर ही जाएगा। उधर शहनाज ने भी अपने पिता को अपने मन की बात कह डाली। इसके बाद दोनों परिवारों में बातचीत हुई और तय किया गया कि दोनों का निकाह करवा दिया जाए। वहीं घर पहुंचते-पहुंचते एक शाम दोनों का निकाह हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Ramanjot

Recommended News

Related News

static