निगरानी टीम की बड़ी कार्रवाईः 20 हजार रिश्वत ले रहे राजस्व कर्मचारी को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 11, 2020 - 02:52 PM (IST)

नालंदाः बिहार राज्य सतर्कता अन्वेषण ब्यूरो ने नालंदा जिले के राजस्व कर्मचारी पर बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने जिले के एकंगरसराय प्रखंड के राजस्व कर्मचारी मनोज कुमार को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार, नालंदा के केला बीघा बिगहा निवासी श्याम बिहारी प्रसाद ने ब्यूरो में राजस्व कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने शिकायत में कहा कि दाखिल-खारिज कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी मनोज कुमार ने उनसे रिश्वत की मांग की है। मामले के सत्यापन के बाद ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक सर्वेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि एकंगरसराय के कचहरी कार्यालय में मनोज कुमार परिवादी श्याम बिहारी प्रसाद से बतौर रिश्वत 20 हजार रुपए ले रहा था। तभी निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी को ब्यूरो मुख्यालय पटना ले जाया गया है, जहां पूछताछ के बाद उसे निगरानी की विशेष अदालत मे पेश किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static