गिरती विधि व्यवस्था को लेकर राजद का गया बंद, कई विपक्षी पार्टियों का मिला समर्थन

punjabkesari.in Friday, Aug 10, 2018 - 02:02 PM (IST)

गयाः बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद ने गिरती-विधि व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को गया बंद करवाया। राजद के बंद में कांग्रेस, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) सहित अन्य राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ता एवं नेता शामिल हुए। विभिन्न पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता स्थानीय गांधी मैदान में इकट्ठा हुए और वहां एक जुलूस निकाला। यह जुलूस गया शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए टावर चौक पहुंचा। बंद समर्थकों ने इन मार्गों में पड़ने वाले शहर की सभी दुकानों को बंद करवा दिया। साथ ही यातायात को भी रोक दिया।

बंद में शामिल राजद विधायक सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर शहर को बंद करवाया गया है। जिले में लूट, हत्या, छिनतई, बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं। व्यवसायियों को दिनदहाड़े गोली मारी जा रही है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। जब पुलिस-प्रशासन सुनने को तैयार नहीं है, तो बंद का आह्वान किया गया है। हमारा बंद शांतिपूर्ण तरीके से है।

वही, राजद जिलाध्यक्ष मोहम्मद मुर्शीद उर्फ नेजाम ने कहा कि महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और लोकनायक जयप्रकाश नारायण को भी आंदोलन करने की इजाजत नहीं दी गई थी। बावजूद इसके वह लोग आंदोलन करते थे। उन्हीं के तर्ज पर यह बंद करवाया गया है। भले ही प्रशासन इजाजत न दे लेकिन हमारा बंद शांतिपूर्ण तरीके से है। इस बीच बंद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News

static