गोपालगंजः आपसी रंजिश में RJD नेता ने भाई को मारी गोली, राहगीर की मौत

punjabkesari.in Saturday, Oct 12, 2019 - 12:57 PM (IST)

गोपालगंजः बिहार के गोपालगंज जिले में नगर थाना क्षेत्र के पुरानी चौक मुहल्ले के वार्ड संख्या नौ में शुक्रवार की देर शाम राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के स्थानीय नेता सिकंदर कुशवाहा ने अपने भाई पर गोलीबारी की जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं गोली लगने से एक राहगीर की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि मामला दोनों भाईयों के बीच आपसी विवाद का था। सिकंदर कुशवाहा ने लाइसेंसी राइफल से अपने भाई एवं पूर्व पार्षद सत्येंद्र कुशवाहा पर फायरिंग की जिसमें गोली सत्येंद्र कुशवाहा को जांघ में लगी। वहीं, उस दौरान रास्ते से गुजर रहे एक किशोर को गोली लगी जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

इस बीच घायल सत्येंद्र कुशवाहा ने कहा कि उनका भाई शराब का कारोबार करता है। विरोध करने पर उसने लाइसेंसी रायफल से गोली मार दी। उन्होंने कहा कि शराब का कारोबार करने का विरोध करने पर गोली मारी गई है। वहीं, सूत्रों ने बताया कि नगर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित राजद नेता सिंकदर कुशवाहा की गिरफ्तारी के लिए उनके आवास पर छापेमारी की। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में की गई छापेमारी में आरोपी फरार मिला।   

prachi