तेजस्वी और गिरिराज में सांठगांठ, नीतीश के खिलाफ दोनों कर रहे हैं षडयंत्र- राजद विधायक

punjabkesari.in Monday, Sep 16, 2019 - 06:10 PM (IST)

 

मुजफ्फरपुरः बिहार में मुजफ्फरपुर के गायघाट से राजद विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने पार्टी पर रास्ते से भटक जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि तेजस्वी यादव केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ मिलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने के लिए षडयंत्र रच रहे हैं।

महेश्वर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह आपस में मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार भाजपा दो गुट में बटा हुआ है। एक उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का तो दूसरा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का है। मोदी का गुट चाहता है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहें जबकि गिरिराज का गुट ऐसा नहीं चाहता है और प्रतिपक्ष के नेता यादव से मिलकर लगातार षड्यंत्र करने में लगा है।

राजद विधायक ने दावा किया कि पार्टी के दो तिहाई विधायक उनके साथ हैं और नीतीश कुमार के समर्थन में खड़े हैं। यदि राजद नहीं सचेत हुआ तो जल्द ही वह ऐसे अन्य विधायकों के साथ अलग गुट बनाकर विधानसभा अध्यक्ष से उसे मान्यता देने और सदन में अलग बैठने की इजाजत मांगेंगे।

Nitika