JDU के भोज में शामिल हुए RJD विधायक, कहा- बिहार में नीतीश कुमार से बड़ा कोई चेहरा नहीं

punjabkesari.in Wednesday, Jan 15, 2020 - 02:22 PM (IST)

पटनाः बिहार में इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनावों से पहले महागठबंधन के नेताओं में दरार पैदा होती दिखाई दे रही है। राजद विधायक महागठबंधन के भोज में शामिल ना होकर जदयू द्वारा दिए भोज के न्योते में शामिल हो रहे हैं।

जदयू के भोज में शामिल होकर राजद विधायक फराज फातिमी ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार से बड़ा कोई चेहरा नहीं है। राजद विधायक फराज फातिमी जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की ओर से आयोजित दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन के खिलाफ बयानबाजी की। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की यात्रा को ढकोसला करार दे दिया।

वहीं फराज फातिमी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एनआरसी के खिलाफ रैली क्यों निकाल रहे हैं, जब राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि वे इसे राज्य में लागू नहीं करेंगे। बिहार में नीतीश कुमार से बड़ा कोई चेहरा नहीं है और वह केवल 2020 में सरकार बनाएंगे।

बता दें कि राजद विधायक ने कहा कि वह महागठबंधन के भोज में शामिल नहीं होंगे क्योंकि उन्हें वहां से न्योता नहीं मिला है। वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह के यहां से उन्हें बुलावा आया था। इसलिए वह यहां आए हैं। फराज फातमी ने भोज के दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज राजनीति का समय नहीं है। आज वह सिर्फ वशिष्ठ नारायण सिंह के बुलावे पर आए हैं। राजनीति आज के दिन के बाद की जानी चाहिए।
 

Nitika