निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए BJP के सतीश चंद्र दुबे

punjabkesari.in Wednesday, Oct 09, 2019 - 06:09 PM (IST)

पटनाः भाजपा के सतीश चंद्र दुबे बुधवार को निर्विरोध राज्‍यसभा सांसद चुने गए। राज्यसभा सांसद का कार्यकाल सात जुलाई 2022 तक होगा। दुबे के विरोध में न तो राजग के घटक दल की तरफ से कोई उम्मीदवार मैदान में खड़ा हुआ और न ही विपक्ष ने कोई प्रत्याशी मैदान में उतारा।

विधानसभा के सचिव एवं निर्वाचन अधिकारी बटेश्वर नाथ पांडेय ने दुबे को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपा। भाजपा नेता सतीश चंद्र दुबे ने चार अक्‍टूबर को राज्‍यसभा के लिए राजग की ओर से नामांकन दाखिल किया था। पांच अक्‍टूबर को पर्चे की जांच हुई जिसमें पर्चा सही पाया गया। बुधवार यानि नौ अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि थी। दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी नहीं किए जाने के बाद सतीश चंद्र दुबे निर्विरोध राज्‍यसभा सांसद बन गए। इस मौके पर सतीश चंद्र दुबे के साथ भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी, विधान पार्षद संजय प्रकाश उर्फ संजय मयूख तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में सतीश चंद्र दुबे ने भाजपा की टिकट पर वाल्मिकीनगर से जीत दर्ज की थी। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में यह सीट गठबंधन धर्म के चलते जदयू के हिस्से में चली गई थी जिसके चलते दुबे काफी नाराज भी हुए थे। बता दें कि राजद के राज्यसभा सांसद राम जेठमलानी के निधन से बिहार कोटे की यह सीट खाली हुई थी।

prachi