दूसरी शादी रचा रहा था फौजी दूल्हा, पुलिस के साथ पहुंची पहली पत्नी तो हुआ मंडप से फरार

punjabkesari.in Friday, Jan 18, 2019 - 10:33 AM (IST)

भोजपुरः बिहार के भोजपुर जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां बड़े ही धूमधाम से की गई शादी की तैयारियों पर उस समय पानी फिर गया जब दूल्हा मंडप से उल्टे पांव भाग खड़ा हुआ।

बड़हरा थाना क्षेत्र के महूदही निवासी अमरनाथ उपाध्याय की बेटी दीपिका की शादी को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। इस दौरान अचानक दूल्हे की पहली पत्नी पुलिस के साथ विवाह स्थल पर आ पहुंची, जिसे देखकर फौजी दूल्हा मंडप से फरार हो गया। पुलिस को देखकर बारातियों में भी हड़कंप मच गया, जिसके कारण सभी विवाह स्थल से चले गए। फिलहाल पुलिस की मदद से इस शादी को रोक दिया गया है। वहीं फौजी की पहली पत्नी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

बता दें कि, 13 मई, 2013 को बक्सर जिले के नगर थाना क्षेत्र के गजाधर गंज निवासी मोहन मिश्रा की 24 वर्षीय बेटी पूजा की शादी आर्मी के जवान जयशंकर पांडेय के साथ लखनऊ में हुई थी। पूजा का आरोप है कि उसको शादी के कुछ ही दिनों बाद दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। जिसके बाद उसने 2015 में बक्सर सिविल कोर्ट में जाकर पति के ऊपर केस कर दिया। अब तक कोर्ट से कोई फैसला नहीं आया, जिसके चलते पति ने दूसरी शादी रचाने का सोच लिया।

Deepika Rajput