दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे शत्रुघ्न ने तेजस्वी को लगाया तिलक, विजयी भवः का दिया आर्शीवाद

punjabkesari.in Wednesday, Oct 17, 2018 - 11:54 AM (IST)

पटनाः राजद नेता तेजस्वी यादव और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा नवरात्रि के दौरान महासप्तमी के अवसर पर पटना के दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक साथ दुर्गा पूजा की। एक बार फिर तेजस्वी यादव और शत्रुघ्न सिन्हा के एक साथ दिखने पर बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। 

सबसे पहले शत्रुघ्न सिन्हा और तेजस्वी कृष्णा नगर वार्ड 25 के पूजा पंडाल में गए। वहां दोनों नेताओं ने एक साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने तेजस्वी को तिलक लगाया और विजयी भवः का आर्शीवाद भी दिया। इस पर सिन्हा ने कहा कि वह तेजस्वी में बिहार का भविष्य देखते हैं। आने वाले समय में तेजस्वी ऐसे काम करेंगे जिससे राज्य का नाम रोशन होगा। 

भाजपा नेता ने कहा कि वर्तमान समय में तेजस्वी बिहार का मजबूत और लोकप्रिय चेहरा है। इसके अतिरिक्त सिन्हा ने कहा कि भविष्य में भी तेजस्वी और वह साथ-साथ रहेंगे। इस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह बड़ों का प्यार और आशीर्वाद है। इससे ज्यादा और क्या चाहिए। इसके साथ ही तेजस्वी ने सिन्हा को अपने परिवार का करीबी बताते हुए कहा कि उन्होंने हर मुश्किल घड़ी में लालू परिवार का साथ दिया है।

तेजस्वी यादव और शत्रुघ्न सिन्हा के एक साथ आने पर राजनीतिक कयासों का बाजार गर्म हो गया है। सिन्हा द्वारा तेजस्वी को तिलक लगाने और आर्शीवाद देने को आगामी चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। 

prachi